बदायूं। अपर जिला जज व विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट-प्रथम) जीनत मिर्जा की कोर्ट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी व पूर्व सांसद उदितराज के मामले में चल रही सुनवाई अब 18 अप्रैल को होगी।
बीती 21 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान राहुल गांधी व उदित राज के खिलाफ जारी किए नोटिस के मामले में उनकी ओर से अधिवक्ताओं ने पेश होकर जवाब दाखिल किया था। कहा था कि मामला दिल्ली इलाके का है, जो बदायूं के अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
शनिवार को इस मामले की सुनवाई अपर जिला जज व विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट-प्रथम) की कोर्ट में हुई। राहुल गांधी और उदित राज के अधिवक्ताओं ने स्थानीय अधिवक्ता के जरिये कोर्ट में उनके न आ पाने की सूचना भेजते हुए अगली तारीख देने का निवेदन किया था। इसके बाद कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 18 अप्रैल कर दी।
ये था मामला
स्थानीय अधिवक्ता जय सिंह सागर के मुताबिक, 16 फरवरी 2025 को कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद डॉ. उदित राज ने बसपा प्रमुख मायावती के बारे में बयानबाजी की थी। इसे लेकर अगले दिन 17 फरवरी को एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। एमपी-एमएलए कोर्ट ने इस मामले को दिल्ली का बताकर उसे खारिज कर दिया था। इसके बाद अधिवक्ता ने 25 अगस्त 2025 को जिला जज की अदालत में फौजदारी निगरानी याचिका दायर की थी। इस मामले को जिला जज ने अपर जिला जज व विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कोर्ट को भेजा था। तब से इस मामले में सुनवाई चल रही है।