बदायूं। जनपद में सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने और प्रशिक्षित वाहन चालकों को तैयार करने के उद्देश्य से बिल्सी रोड स्थित एक्रीडिटेशन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ बृहस्पतिवार को किया गया। सेंटर का उद्घाटन उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र कमल गुप्ता और संभागीय परिवहन अधिकारी बरेली पंकज सिंह ने किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा मानकों, आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन संचालन, वाहन की मूलभूत तकनीकी जानकारी और पर्यावरण अनुकूल ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सिमुलेटर और व्यावहारिक ड्राइविंग अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उप परिवहन आयुक्त कमल गुप्ता ने बताया कि 16 मार्च 2026 से सभी ड्राइविंग टेस्ट सेंसर युक्त ड्राइविंग ट्रैक पर ही लिए जाएंगे। मैन्युअल तरीके से कोई भी टेस्ट नहीं होगा। इस मौके पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, माल/यात्री कर अधिकारी अभिनव चौधरी, सेंटर संचालक मयंक सहित परिवहन विभाग के कर्मचारी और सेंटर स्टाफ मौजूद रहा।