बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नरैनी और बघौल में मंगलवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें 18 लोग घायल हो गए। घटना की दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए बिल्सी सीएचसी भेजा है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव राज बरौलिया निवासी बदन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ क्षेत्र के गांव नरैनी स्थित अपने खेत पर मेढ़ बना रहे थे। तभी गांव के कुछ लोगों ने इसको लेकर विवाद करना शुरु कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से लाठी डंडों चलने लगे। इससे बदन सिंह की ओर से अजय, लोकेश, लक्ष्मण, कृष्णा देवी, विमला देवी, ममता, मोहर सिंह, रूम सिंह घायल हो गए। दूसरे पक्ष के बनवारी, देव कुमार, रामवती, कृष्णावती, पूरन सिंह घायल हुए हैं। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया दो पक्षों में मारपीट हुई। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा है।
दूसरी घटना सिरासौल रोड पर स्थित क्षेत्र के गांव बघौल घटी। यहां भी जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। गांव बघौल निवासी महेंद्र सिंह ने बताया उनकी जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद भी गांव के ही लोग वहां पर अस्थाई तौर पर कब्जा करने के लिए पहुंच गए। विरोध जताने पर दोनों पक्षों में लाठी डंडों चलने लगे। जिसमें एक पक्ष के महेंद्र, वीरपाल, मोरश्री, विष्णु घायल और दूसरे पक्ष के श्रीपाल व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए बिल्सी सीएचसी भेजा है।