चोरी की जानकारी देता व्यापारी। संवाद
बिसौली। नगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक व्यापारी के घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खाटू श्याम कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा मंगलवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ किसी कार्य से वजीरगंज गए थे। करीब तीन घंटे बाद जब वे लौटे तो घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और सेफ का लॉकर तोड़ दिया गया था।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे करीब 10 तोला सोने के आभूषण और नौ लाख रुपये की नकदी समेट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
व्यापारी का कहना है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों को घर की गतिविधियों की जानकारी होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी है। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक देहात हृदेश कठेरिया मौके पर पहुंच गए हैं। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।