पुलिस की गिरफ्त में आरोपी हिमांशु । स्त्रोत पुलिस
बदायूं। मुजरिया कौल्हाई गांव में लज्जावती की कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज के साथी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर उसे गांव समसपुर बल्लू जाने वाले रास्ते से पकड़ा था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौल्हाई में चार अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे लज्जावती (50) की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना से पहले आरोपियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। इसके बाद जान से मारने की नीयत से लज्जावती के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी थी। मामले में पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केस में वांछित हिमांशु पुत्र शेर सिंह निवासी कौल्हाई को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
डकैती के आरोपों की पुलिस कर रही जांच
गांव निवासी राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने डकैती व हत्या में रिपोर्ट दर्ज की थी। तहरीर में कहा गया था कि आरोपी उनकी दुकान पर सिगरेट लेने के बहाने आए थे। सिगरेट के रुपये देने के बाद उन्होंने गल्ले में रुपये रखे। इसी दौरान आरोपियों ने उनके गल्ले से 50 हजार रुपये छीन लिए थे। पुलिस मामले की विवेचना करते हुए 50 हजार रुपये की डकैती के आरोपों की जांच कर रही है।