फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेत में खाद डालते समय मजदूर की मौत पर हंगामा, पिता बोला- ट्रैक्टर मालिक ने कर दी हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
उझानी (बदायूं)। ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत में देसी खाद डालते समय मजदूर की मौत हो गई। उसके सिर पर चोट के निशान नजर आने पर मृतक के घरवालों ने हंगामा कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने मौत की वजह ट्रॉली पर खड़े मजदूर का सिर बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकराने से होना बताई, लेकिन घरवालों का गुस्सा देख ट्रैक्टर मालिक और खेत मालिक भाग गए। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पिता समेत परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर मालिक पर फावड़े से उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाया। नोकझोंक और हंगामे के दौरान करीब ढाई घंटे तक शव को नहीं उठाने दिया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस फोर्स शव लेकर बदायूं को चला तो रास्ते में रोक लिया गया। छीनाझपटी भी की गई। एसडीएम के समझाने पर मृतक के घरवाले शांत हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विज्ञापन

मृतक रंजीत (22) पुत्र रामबाबू जाटव कोतवाली क्षेत्र के गांव अढौली का निवासी था। बुधवार को गांव के ही चंद्रपाल पाली ने अपने खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली से देसी खाद डलवाने के लिए मनोज साहू का ट्रैक्टर बुक किया था। खाद उतारने के लिए रंजीत को मजदूरी पर बुला लिया गया। ट्रैक्टर मनोज का बेटा सचिन चला रहा था। दोपहर में ट्रॉली से खाद उड़ेलने के लिए सचिन ने प्रेशर दिया। जहां पर खाद को उड़ेला जा रहा था, उसके ठीक ऊपर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। ट्रैक्टर मालिक के परिजनों की मानें तो उसी दौरान रंजीत का सिर हाईटेंशन लाइन से छू गया। इसके बाद ही वह तार से छूटकर ट्रॉली के डाले पर गिर पड़ा। रंजीत के घरवालों के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक के चेहरे और सिर से खून बहता देख पिता समेत घरवालों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ट्रैक्टर मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हंगामा कर दिया। विरोध बढ़ता देख खेत और ट्रैक्टर मालिक मौके पर से भाग गए।
सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। दरोगा लोकेंद्र कुमार भाटी ने मृतक के घरवालों को समझाकर शव उठाने का प्रयास किया तो पुलिस को शव कब्जे में लेने नहीं दिया गया। मृतक के घरवाले पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को खेत में ही बुलाने की जिद पर अड़ गए। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस शव कब्जे में निजी वाहन से बदायूं को चली तो रास्ते में उझानी लिंक रोड पर ग्रामीणों ने शव वाला वाहन रोक लिया। शव को लेकर छीनाझपटी भी हुई। बाद में मृतक के घरवाले एसडीएम के पहुंचने पर उनके इस आश्वासन पर माने कि घटना को लेकर तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। इसके बाद बाद ही पुलिस शव को लेकर आगे बढ़ पाई। इधर, पिता ने मृतक के शरीर पर फावड़े से कटे के निशान बताकर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है।
विज्ञापन

रामबाबू का इकलौता बेटा था रंजीत, छह महीना पहले हुई थी शादी
उझानी। बेटे रंजीत की मौत के बाद से पिता रामबाबू बदहवास नजर आया। रंजीत अपने पिता की दो संतान में इकलौता बेटा था। उसकी मां की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। छह महीना पहले ही उसकी शादी ऊषा के साथ हुई थी। पति के शव को देख ऊषा गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी। पुलिस रंजीत के शव को लेकर खेत से निकली तो वह पीछे-पीछे सड़क तक दौड़ती चली आई।
रंजीत की मौत के बारे में ग्रामीणों से जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर उसका सिर हाईटेंशन लाइन से लग गया था। पिता ने तहरीर में किसी के नाम का जिक्र नहीं किया है लेकिन चोटों के निशान बताकर हत्या का शक जताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन

- ओमकार सिंह, प्रभारी निरीक्षक।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें