उझानी। ब्लॉक क्षेत्र के गांव चेतूनगला में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम करते समय मजदूर का पैर फिसल गया। जमीन पर गिरे मजदूर की एक हाथ की हड्डी टूट गई। लहूलुहान हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। गंभीर हालत में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा सोमवार शाम करीब पांच बजे हुआ। जलजीवन मिशन के तहत फुलासी गांव के मजरा चेतूनगला में पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार सुबह में मजदूरों ने काम शुरू किया। टंकी पर चले रहे निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों में बदायूं के मोहल्ला ब्राह्मपुर निवासी राजाराम (30) पुत्र हिम्मत सिंह का संतुलन बिगड़ते ही पैर फिसल गया। साथी मजदूर उसे संभाल पाते, उससे पहले ही राजाराम करीब 40 फुट नीचे जमीन पर गिर पड़ा।
मजदूर समेत आसपास इलाके के ग्रामीण भी राजाराम को उठाने के लिए दौड़ पड़े। साथी मजदूरों में से किसी फोन करके एंबुलेंस बुला ली। घायल राजाराम का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्राथमिक उपचार कराया गया। मरहम- पट्टी के बाद घायल राजाराम की हालत में सुधार महसूस नहीं हुआ तो साथी मजदूर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के लिए ले गए।