उस्मानपुर में संचालित निजी अस्पातल को सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
बदायूं। उस्मानपुर स्थित एक निजी अस्पताल के बिना पंजीकरण संचालित होने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मिली। जांच में टीम ने शिकायत सही पाई। टीम ने मौके पर ही निजी अस्पताल को सील कर दिया। बताया जाता है कि चिकित्सक की डिग्रियां भी फर्जी थीं।
धोबरखेड़ा निवासी सुदेश यादव ने शिकायत में कहा है कि बक्सर निवासी डॉ. उदल सिंह बिना वैध पंजीकरण और फर्जी डिग्री के सहारे अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी व उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार व साथ बाबू नितिन कुमार सोमवार को जांच करने पहुंचे। जांच के दौरान टीम काे अस्पताल संचालित मिला।
टीम ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों और पंजीकरण की जांच की, जो सही नहीं मिले। मौजूद मिले चिकित्सक अपनी वैध डिग्रियां भी नहीं दिखा सके। अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल अस्पताल सील कर दिया। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि बिना मानकों और अनुमति के अस्पताल चलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।