सत्यापन को लेखपाल के पहुंचने पर स्टॉक मिला साफ
थाना क्षेत्र के गांव इमलिया के राशन डीलर ने इस महीने राशन और मिट्टी के तेल का वितरण नहीं किया। ग्रामीणों की शिकायत पर जब स्टॉक के सत्यापन को लेखपाल वीर सिंह पहुंचे तो दुकान पर स्टॉक भी नहीं मिला। लेखपाल ने इस मामले में अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को देने की बात कही है।
गांव के रनवीर ,जसवीर, नेकराम, आले हसन, सत्यपाल, प्यारे, वजीर, मेंहदी हसन आदि का आरोप है कि फरवरी महीने में काम के कोटेदार ने अनाज और मिट्टी के तेज का वितरण नहीं किया। इसके बाद गांव के लोगों ने कोटेदार की शिकायत तहसील प्रशासन से की। तहसीलदार ने कोटे के स्टॉक की जांच को लेखपाल वीर सिंह को गांव भेजा। सोमवार को लेखपाल गांव पहुंचे तो पता लगा कि कोटेदार के गोदाम में स्टॉक नहीं है। गांव के लोगों ने बताया कि उनको राशन नहीं मिला है। लेखपाल का कहना है कि वह अपनी रिपोर्ट अब तहसीलदार को देंगे।