बदायूं। मुकदमे की तारीख पर शहर आई विवाहिता का पति ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। परिजनों ने विवाहिता की हत्या की आशंका जताई है। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव पडौलिया निवासी आजिम ने एसएसपी को बताया कि उसकी बहन फात्मा का दहेज को लेकर पति से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। 22 जुलाई को फात्मा तारीख पर अदालत गई थी, उसके बाद से घर नहीं लौटी है। परिवार के लोगों ने उसको हर जगह तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
23 जुलाई को तहरीर थाना कुंवरगांव में दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पता लगा कि फात्मा के रिश्ते में मामा अब्बास, पति समीरउद्दीन व जेठ मुनब्बर ने अपहरण करके गायब करा दिया है। मायके वालों के शिकायती पत्र पर एसएसपी ने कुंवरगांव थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।