अलापुर (बदायूं)। पुलिस ने शुक्रवार रात 1.20 करोड़ की स्मैक के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से अफीम से बनाई गई 400 ग्राम स्मैक व कैमिकल आदि सामान बरामद हुआ है। साथ ही एक कार भी पुलिस ने जब्त की है।
गांव नैथू निवासी खुर्शीद आलम व उसका पिता जाने आलम लंबे समय से घर में अफीम से स्मैक बनाने का धंधा कर रहे थे। पहले उसने बड़े बेटे परवेज को इस धंधे में अपने साथ कर लिया। धीरे-धीरे छोटा बेटा खुर्शीद भी पिता और भाई के साथ काम में लग गया। अफीम लाने का काम जाने आलम ही करता है। वह बहराइच से अफीम लाकर अपने ही घर में उससे स्मैक बनाता था। स्मैक बनाने में तीनों पिता-पुत्र माहिर थे। अफीम कम दामों पर लाकर उनमें कई तरह के कैमिकल मिलाकर उसको दिल्ली में बेचते थे। वहीं, परवेज कुछ महीनों पहले ही दिल्ली में स्मैक के साथ पकड़ गया था।
शुक्रवार की रात पुलिस ने दबिश देकर पिता-पुत्र को रंगे हाथ पकड़ लिया। एसएसपी ने घटना का खुलासा करने वाले एसएचओ अलापुर धनंजय सिंह, एसआई हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, श्रीप्रकाश, कांस्टेबल हरेंद्र, कुलदीप, नरेश, ओमप्रकाश व लोकेंद्र को 10 हजार रुपये का इनाम दिया है।
ये माल हुआ बरामद
पुलिस ने एक डिब्बे में चार किलो 290 ग्राम अफीम का घोल तो दूसरे स्टील के डिब्बे से सात किलो घोल बरामद किया। इसके अलावा 25 किलो 900 ग्राम कैमिकल, डेढ किलो पारदर्शी पन्नी, सात किलो वेंटोनेट केमिकल पाउडर, चार सौ ग्राम तैयार स्मैक, 12 किलो अधबनी स्मैक समेत इलेक्ट्रानिक कांटा, सोडा, स्मैक छानने के लिए नए व पुराने कपड़े आदि सामान बरामद किया।
अलापुर पुलिस ने दो शातिरों को पकड़ा है। दोनों पिता-पुत्र हैं। तीसरा बेटा परवेज भी इसी धंधे में लिप्त है लेकिन मौके पर वह नहीं मिला। इनके साथ कौन-कौन लोग इस धंधे में जुड़े हैं, मालूम किया जा रहा है। - ब्रजेश सिंह, एसएसपी