चर्चित कटरा सआदतगंज कांड में बहस अब 21 जुलाई को होगी। स्पेशल जज पाक्सो एक्ट के अवकाश पर होने की वजह से बहस टल गई है। इससे पहले 28 जून को मामले में बहस होनी थी। इस दिन भी जज अवकाश पर थे। कोर्ट ने फाइनल बहस के लिए नौ जुलाई मुकर्रर कर दी थी।
कटरा सआदतगंज कांड में सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट लगा दी थी। वादी ने इसके खिलाफ प्रोटेस्ट किया था। दोनों पक्षों में क्लोजर रिपोर्ट और प्रोटेस्ट पर बहस चल रही है। सीबीआई की ओर से उसके वकील कुमार रजत क्लोजर रिपोर्ट के समर्थन में अपनी दलीलें कोर्ट को दे चुके हैं। अब तक वादी पक्ष ने प्रोटेस्ट के समर्थन में अपनी दलीलें नहीं दी हैं। इसके लिए वादी पक्ष ने 12 जून को कोर्ट में पाक्सो एक्ट की धारा 25 (2) के तहत अर्जी देकर सभी साक्ष्यों की नकलें मांगी थीं। कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी थी। कोर्ट के इस फैसले को वादी पक्ष की ओर से हाईकोर्ट में चुनौती दी जा चुकी है।
वादी पक्ष को स्पेशल जज पाक्सो एक्ट की कोर्ट में नौ जुलाई को अपना पक्ष रखना था। गुरुवार को मामले में सुनवाई कर रहे स्पेशल जज अवकाश पर थे। ऐसे में कोर्ट ने अब फाइनल बहस के लिए 21 जुलाई मुकर्रर कर दी है।