बदायूं। बंदरों के हमले में कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्कूल के अध्यापकों ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जिले में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रोज किसी न किसी पर बंदर हमला कर रहे हैं। हर महीने दो से तीन लोगों की मौत बंदरों के हमलों से हो रही है। मंगलवार की सुबह 11 बजे दातागंज के समरेर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय की कक्षा सातवीं की छात्रा नेहा छत कपड़े डालने गई थी। अचानक बंदरों के झुंड ने उसपर हमला कर दिया।
जान बचाकर भागी नेहा बंदरों से तो बच गई, लेकिन छत से गिर गई। पता चलने पर बच्चे व अध्यापक दौड़कर पहुंच गए। छात्रा को उठाकर सीएचसी ले गए।
यहां प्रथम उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। सूचना पर परिवार वाले भी पहुंच गए। छात्रा क्षेत्र के गांव पिंड़ौल निवासी अजय शर्मा की बेटी हैं।