विजेता टीम के कप्तान अक्षय शर्मा को शील्ड देते आयोजक। संवाद
इस्लामनगर। क्षेत्र के गांव करियामई में चल रहे करियामई प्रीमियर लीग (केपीएल) नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार की रात खुशहालपुर और करियामई की टीम के बीच फाइनल खेला गया। जिसमें करियामई ने 76 रनों से जीत दर्ज कर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
करियामई टीम के कप्तान अक्षय शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 125 रन बनाए। जिसमें कप्तान अक्षय शर्मा ने 37, शिवम चौधरी ने 24, लवकुमार ने 14, रामकृष्ण ने 26 और अभिषेक ने 16 रन बनाए।
खुशहालपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए अरुण मीना ने तीन, विनेश कुमार ने तीन और जीतू मीना ने दो विकेट लिए। जवाब में खुशहालपुर की टीम मात्र 49 रनों पर ढेर हो गई। जीतू मीना ने पांच, अरुण मीना ने 12, शेरा मीना ने 10 और विनेश ने सात रन बनाए। करियामई की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तिलक ने चार, शिवम चौधरी ने दो और लवकुमार ने तीन विकेट लिए। टीम की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कप्तान अक्षय शर्मा को आयोजकों ने मैन ऑफ द मैच चुना।
इस मौके पर अनिल शाक्य, उदयवीर मीणा, तरुण पाराशरी, मुन्ना यादव, उदय सिंह मीना, सोमेश मीना, सनी राघव, अमित मीणा, मनोज मिश्रा, राजू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।