अलापुर थाना क्षेत्र में म्याऊ चौकी के नजदीक सोमवार को कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। एक सिपाही की हरकत से नाराज कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा कर जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में सिपाही के माफी मांगने पर कांवड़िये शांत हुए।
सोमवार सुबह कांवड़ियों का एक जत्था पटना देवकली मंदिर में जलाभिषेक करके लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यह जत्था म्याऊ तिराहे पर पहुंचा होगा। तभी यूपी 100 पुलिस की गाड़ी ने कांवड़ियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक किया। ओवरटेक करने के दौरान पुलिस की गाड़ी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड लग गई। इस पर यूपी 100 में सवार सिपाही ने कांवड़ियों का ट्रैक्टर रोक लिया और उसकी चाबी निकाल ली। सिपाही कांवड़ियों से गाड़ी में टूट फूट का हर्जाना मांगने लगा। सभी कांवड़िये नीचे उतर आए। उन्होंने इसमें सिपाही की ही गलती बताई। परंतु सिपाही अपनी बात पर अड़ा रहा। इससे कांवड़ियों और सिपाही के बीच नोकझोंक भी हुई। सिपाही नहीं माना और ट्रैक्टर की चाबी लेकर चला गया। इस पर कांवड़ियों ने जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात सिपाही राजेंद्र सिंह और सुनील मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी पीआरवी के सिपाही से चाबी मांगी परंतु उसने नहीं दी। सिपाहियों ने तुरंत इसकी सूचना इंस्पेक्टर राजीव शर्मा को दी। तब तक मौके पर वाहनों का कतार लग गया। इसकी सूचना पर अलापुर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा, उसावां इंस्पेक्टर धीरज सोलंकी और सीओ दातागंज एसके सिंह भी मौके पर पहुंच गए। तब कहीं सिपाही ने चाबी वापस की और कांवड़ियों से माफी मांगी। इसके बाद जाम खुल सका।