मेला स्थल के लिजए सड़क बनाते श्रमिक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। बुधवार को मेला स्थल तक के लिए सड़क बनाने का काम शुरू हो गया। 12 नवंबर को झंडी और गंगा पूजन के साथ मेला शुरू हो जाएगा। मेले का दायरा भी कम नहीं होगा।
पिछले वर्ष मेले का आयोजन नहीं हो सका था। इस वर्ष शासन से अनुमति मिलने के बाद भी जिला पंचायत प्रशासन मेला आयोजन में हीलाहवाली कर रहा था। मेला आयोजन की मांग को लेकर बात धरना प्रदर्शन तक पहुुंच गई। डीएम से लेकर मंडलायुक्त तक को कुर्मी समाज ने ज्ञापन दिए। इसके बाद नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता और शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य उपमुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री तक से मिले। शासन स्तर से दखल के बाद मंगलवार को डीएम दीपा रंजन ने फिर मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला आयोजन के निर्देश दिए। इसके साथ ही यह भी चेताया कि मेला का दायरा कम नहीं किया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी जिला पंचायत प्रशासन को कसा। इसके साथ ही मेला आयोजन की तैयारियां शुरू हो गईं। बुधवार को मेला स्थल के लिए सड़क बनाने का काम शुरू हो गया। 12 नवंबर को झंडी और गंगा पूजन तक तैयारियों को पूरा कर लिया जाएगा। 19 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा। संवाद