जिला पंचायत प्रशासक ने किया पूजन
- फोटो : संवाद
बदायूं के कादरचौक क्षेत्र में रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का शुभारंभ मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। ककोड़ देवी मंदिर में हवन-पूजन जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव ने किया। मां ककोड़ देवी का आशीर्वाद लेने के बाद झंडी और ज्योति को गंगा तट पर ले जाया गया। दोपहर एक बजे गंगा तट पर मेला अधिकारी, डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में हवन-पूजन के बाद गंगा में दुग्धधारा अर्पित की गई। इसके साथ ही मेला ककोड़ा का विधिवत शुभारंभ हो गया।
मेला ककोड़ा के शुभारंभ की परंपरा मां ककोड़ देवी के पूजन से जुड़ी है। सोमवार सुबह 10 बजे जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव ने पूजन किया। परंपरा के अनुसार गंगा पूजन कर मेले के शुभारंभ की घोषणा की गई। कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के लिए मिनी कुंभ मेले की गतिविधियां विधिवत शुरू हो जाएंगी।
मेला ककोड़ा में गंगा स्नान और कल्पवास का विशेष धार्मिक महत्व है। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में 24 नवंबर को मुख्य स्नान प्रस्तावित है। कल्पवासी अपने शिविरों में पहुंचने लगे हैं, मेला क्षेत्र में विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ऐतिहासिक मेले में लाखों श्रद्धालु उमड़ेंगे।