कादरचौक (बदायूं)। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा शुक्रवार को झंडी पूजन के साथ विधिवत शुरू हो जाएगा। मेला स्थल पर ककोड़ा देवी मंदिर से जिला पंचायत के एएमए, जिला पंचायत अध्यक्ष झंडी लेकर जाएंगी। डीएम और एसएसपी की ओर से गंगा पूजन और यज्ञ के बाद झंडी स्थापित कर मेला शुरू हो जाएगा।
मेला ककोड़ा आठ से 22 नवंबर तक चलेगा। जिला पंचायत प्रशासन पिछले कई दिन से मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। शुक्रवार से मेला झंडी पूजन के साथ विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा। शुक्रवार सुबह नौ बजे जिला पंचायत एएमए मासूम रजा, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव और पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ककोड़ा गांव स्थित ककोड़ा वन देवी मंदिर से झंडी लेकर गंगाघाट तक ले जाएंगे।
दोपहर 12 बजे डीएम निधि श्रीवास्तव और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह झंडी और गंगाजी का पूजन करेंगे। यज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा। झंडी पूजन के समय क्षेत्र के काफी संख्या में श्रद्धालु रहते हैं। मुख्य स्नान कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर 15 नवंबर को होगा। वहीं आसपास इलाके लोग मेले में पहुंचने लगे हैं।
अब तक नहीं बने चेंजरूम
गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए हर साल चेंजरूम बनते थे, लेकिन इस बार अबतक ये नहीं बने हैं। ऐसे में मेला ककोड़ा पहुंचे श्रद्धालुओं को नहाने के बाद कपड़े बदलने में परेशानी संभव है। जिस हिसाब से जिला पंचायत प्रशासन की तैयारियां शुरू हुईं थीं, उसमें अब ढील दिख रही है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मेले में पहुंचीं चाट-पकाैड़ी की दुकानें
मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। वहीं हलवाइयों के साथ मीना बाजार की दुकानें पहुंचने लगी हैं। खेले तमाशे का सामान लगातार पहुंच रहा है। बच्चों के लिए झूले लगने भी शुरू हो गए हैं।
इस बार नहीं बनी वाई
मेला ककोड़ा में बदायूं और कासगंज की तरफ से श्रद्धालुओं का काफी आना रहता है। ऐसे में मेला ककोड़ा में प्रवेश करने से पहले एक जगह पर वाई के रूप में सड़क को बनाया जाता रहा है, जिसकी वजह से वहां पर जाम की समस्या नहीं रहती। इस बार जिला पंचायत की ओर से यह व्यवस्था भी नहीं की गई है। ऐसे में दोनों और से आने वाले वाहन आमने-सामने आ जाएंगे, जिससे वहां पर जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।
ककोड़ा मेला में लगा पुलिस का टैंट। संवाद
ककोड़ा मेला में लगा पुलिस का टैंट। संवाद
ककोड़ा मेला में लगा पुलिस का टैंट। संवाद
ककोड़ा मेला में लगा पुलिस का टैंट। संवाद