बदायूं। शहर में श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाशोत्सव रविवार को श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा की ओर से नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें श्रद्धालु, स्कूली बच्चे, अखाड़े और गतका पार्टियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं। ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से शहर गुरु भक्ति में रंग गया।
नगर कीर्तन का आयोजन गुरुद्वारा जोगीपुरा के तत्वावधान में किया गया। गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा पूर्वाह्न में जोगीपुरा से प्रारंभ हुई। नगर कीर्तन परशुराम चौक, कैलाश टॉकीज, सुभाष चौक, पुराना बाजार, मढ़ई चौक, काली सड़क, गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला, टिकटगंज, खैराती चौक और गोपी चौक होते हुए वापस गुरुद्वारा जोगीपुरा पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
जोगीपुरा गुरुद्वारा के प्रधान सरदार प्रतिपाल सिंह ने कहा कि नगर कीर्तन से न केवल धार्मिक उल्लास का वातावरण बनता है, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सेवा की भावना का संदेश भी दिया जाता है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं।
गतका, ताइक्वांडो और बैंड ने मनमोहा
नगर कीर्तन में गतका पार्टी, पाइप बैंड, ढोल दल, अखाड़े, स्कूली बच्चे और ताइक्वांडो ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं के करतबों और अखाड़ों की कलाबाजियों ने सभी का मन मोह लिया। नगर कीर्तन के साथ सजी धार्मिक झांकियों और फूलों से सजे रथों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। श्रद्धालु पूरे उत्साह से भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
भक्ति और सेवा का दिखा अद्भुत संगम
आयोजन के दौरान संगत द्वारा प्रस्तुत कीर्तन ने वातावरण को पूरी तरह भक्ति से भर दिया। महिलाओं और युवाओं ने गुरु के नाम का जाप करते हुए नगर कीर्तन में भाग लिया। जगह-जगह सेवा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को चाय, शरबत, हलवा, प्रसाद और ठंडा पानी वितरित किया गया।
शहर में गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई। संवाद- फोटो : chineni news
शहर में गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई। संवाद- फोटो : chineni news