रविवार की रात से शुरू हुई बरसात के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं किसानों को धान की रोपाई करने का मौका मिल गया। इसके अलावा देहात क्षेत्र में कई कच्चे मकान भी धरासायी हो गए। वहीं शहर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सड़कों पर कीचड़ होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें भी उठानी पड़ीं। सोमवार को भी दोपहर तक बूंदाबांदी होती रही। शाम तक बादल छाए रहे।
कई दिनों से गर्मी से लोग परेशान थे और वह इंद्रदेवता से बरसात होने की प्रार्थना कर रहे थे। हालांकि मौसम विभाग ने भी सचेत कर दिया था कि तीन दिन तक प्रदेश में भारी बरसात होगी। सो रविवार की रात से ही बरसात शुरु हो गई। रात भर लगातार वर्षा होती रही। सुबह को भी बरसात नहीं थमी। पुलिस लाइन, जीआईसी प्रांगण, रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड, पटियाली सराय, लोचीनगला, नईसराय आदि मुहल्लों में गलियां पानी भरी चल रहीं थीं। लोगों का आवागमन पूरी तरह इन स्थानों पर ठप गया। दिन में भी रुक-रुक कर बरसात होती रही। आज भी नगर पालिका परिषद की सफाई के दावों की पोल खुल गई। नालों की कीचड़ सड़कों पर आ गई जिसकी वजह से लोगों को बरसात रुकने के बाद आवागमन में परेशानी हुई। किसानों का कहना है कि अब तक हुई वर्षा उन्हें मुफीद रही है। किसान खेतों में काम कर रहा है और धान-ईख आदि की फसल को यह बरसात अच्छी साबित हो रही है। वहीं, देहात क्षेत्र में रात भर हुई बरसात में कुछ कच्चे मकान गिर गए। बिजली की लाइनें भी टूट गईं जिसकी वजह से देहात क्षेत्र में बिजली की सप्लाई भी गुल हो रही।
शहर की रामविहार कालोनी में भी कई स्थानों पर बरसात का पानी भर गया। यहां रहने वाले विनोद गुप्ता के मकान पानी अंदर आ गया। कमरों में पानी के प्रवेश कर जाने से लोग ऊपरी मंजिल पर गए। घर के अंदर रखा सभी सामान भी अस्त-व्यस्त हो गया। घर वालों को पानी के अंदर चारपाई पर बैठकर रात काटनी पड़ी। इसी मोहल्ले में कुछ और भी घरों में पानी प्रवेश कर गया। लोगों ने कहा कि पहले यह समस्या नहीं थी। कुछ प्लाट खाली पड़े हैं उसमें पानी का भराव हो जाने से उनके घरों में आ रहा है। फिलहाल वह परेशान हैं।
शहर के अधिकांश स्कूलों में रहा रेनी-डे
रविवार की रात भर और आज सुबह से हुई बरसात के कारण शहर के ज्यादातर स्कूलों में बच्चे नहीं पहुंचे। उन्होंने रेनी-डे ही मनाया। कई अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चों को लेने आने वाली गाड़ी भी नहीं आईं। जिसकी वजह से बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके। मोहल्ला लोचीनगला में एक खंबे पर करंट उतर आने से गाय की मौत हो गई। कई अन्य लोगों की भी करंट लगा। इससे यहां पर भगदड़ मच गई। लोगों ने इसकी सूचना बिजली उपकेंद्र को दी तब इस इलाके की सप्लाई बंद कराई गई। दबतोरी क्षेत्र के गांव मुंसियानगला में एक कच्चे मकान के गिर जाने से उसके मलबे में दबकर तीन सुअरों की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए।