कछला में चोरी के बाद वीरपाल के घर के सामने जुटे लोग। स्रोत: ग्रामीण
उझानी/ कछला। गंगा किनारे के इलाके में पिछले कई दिनों से सक्रिय चोरों ने रेलवे के सेवानिवृत कर्मचारी का घर खंगाल लिया। पांच कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखीं अलमारियों में जो मिला, चोर उसे समेट ले गए। गृहस्वामी ने नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये की चोरी की जानकारी पुलिस को दी।
घटना शनिवार रात की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरौल निवासी वीरपाल कश्यप रेलवे से सेवानिवृत होने के बाद से गांव में ही रहते हैं। शनिवार रात चोर घर में घुसे और पांच कमरे व अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे जेवर व नकदी उठा ले गए। सुबह उठे तो ताले टूटे देख होश उड़ गए। गृहस्वामी ने कछला चौकी को फोन किया। पुलिस कर्मियों ने वीरपाल समेत उनके परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस कर्मियों को उन्होंने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि करीब 13.5 लाख रुपये के सोने- चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकदी चोर उठा ले गए। सेवानिवृत कर्मचारी के पांच बेटों में से दो सरकारी नौकरी करते हैं। उनकी बेटी सुधा की तीन- चार दिन पहले गोद भराई की रस्म हुई थी। चोरी गए जेवरात में ज्यादातर बेटी के हैं। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि कोतवाली आकर किसी ने तहरीर नहीं दी है।
-
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
- सावन महीने में कांवड़ मेले के दौरान 15 से अधिक कांवड़ियों की बाइकें और कई के मोबाइल फोन व पर्स चोरी किए गए थे। पिछले दिनों ननाखेड़ा रोड किनारे से कार सवार चोर बकरी उठा ले गए थे। इसके अलावा वार्ड चार निवासी मुकेश का पंपसेट, आयुष्मान आरोग्य मंदिर का सामान, पप्पू के घर से 20 हजार रुपये की नकदी और जेवरात की चोरी कर लिए गए है। कछला चौकी पुलिस किसी भी घटना का वर्कआउट नहीं कर पाई है।
कछला में चोरी के बाद वीरपाल के घर के सामने जुटे लोग। स्रोत: ग्रामीण