म्याऊं/बदायूं। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने तीन साल पहले एक किसान से एचटी लाइन का कनेक्शन देने के नाम पर 1.38 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में किसान ने अब उच्चाधिकारियों से शिकायत की है।
मामला विद्युत उपकेंद्र उसहैत क्षेत्र के फीडर सरेली का है। कस्बा उसहैत वार्ड नंबर नौ के निवासी लड्डन खां ने वर्ष 2021 में निजी नलकूप का कनेक्शन लिया था। इसमें बिजली विभाग के लाइनमैन और जेई ने एचटी कनेक्शन के लिए 1,52,957 रुपये की रसीद दिखाकर किसान से 1,82,000 रुपये जमा करने के लिए कहा। किसान ने रुपये जमा कर दिए।
लाइनमैन ने जेई के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर रखकर निजी नलकूप का कनेक्शन चालू कर दिया। तीन वर्ष बाद किसान को किसी तरह अपना असली टैक्स इनवाइस बिल नंबर पी 53285683 हाथ लगा। इससे किसान को पता चला कि उसके निजी नलकूप का कनेक्शन एचटी नहीं एलटी है। बिजली विभाग को कुल 43957.00 रुपये ही जमा हुआ है। कनेक्शन धारक की बची रकम जेई व लाइनमैन ने मिलकर बंदरबांट कर लिया। लड्डन खां ने अपने साथ हुए धोखे की शिकायत उच्च अधिकारियों से कर अपने रुपये वापस दिलाने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फर्जी तरीके से लगा दिया ट्रांसफार्मर, बना दी लाइन
विद्युत विभाग के अधिकारियों का गजब हाल है। किसान से अधिक रुपये लेकर लाइनमैन ने जेई व अन्य अधिकारियों से मिलकर सबसे पहले किसान को फर्जी कागजात दिए। इसके बाद कहीं से ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की और ट्रांसफार्मर भी फर्जी तरह से लगाकर लाइन बना दी और किसान का कनेक्शन शुरू कर दिया। अब सवाल उठता है कि वह ट्रांसफार्मर कहां से लाया गया। वहीं बिना एचटी लाइन का कनेक्शन हुए किस तरह एचटी लाइन बना दी और कनेक्शन एलटी लाइन का करा दिया। अगर इस मामले में सही से जांच हो जाए तो विभाग के कई अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।
मुझे इस मामले की जानकारी अभी तक नहीं है। मेरे पास कोई शिकायती पत्र नहीं आया है। फिर भी पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। अगर ऐसा है तो ट्रांसफार्मर भी फर्जी तरीके से ही रखा गया है। जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग