बदायूं। कोतवाली सदर की सोथा चौकी पुलिस ने मोहल्ला चौधरी सराय में विवादित जमीन पर जेसीबी चलवा दी। यहां खड़ंजा उखड़वा दिया। एसडीएम सदर पारस नाथ मौर्य की मौजूदगी में टीन शेड को भी तहस-नहस कर दिया गया। जमीन का मामला सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में विचाराधीन है। जमीन पर लगे यथास्थिति बनाए रखने संबंधी बोर्ड को भी पुलिस ने उखाड़ दिया।
मोहल्ला चौधरी सराय में दिलशाद अख्तर के घर के सामने काफी जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर दिलशाद का कब्जा था। उसने जमीन पर खड़ंजा बनवाने के साथ टीन शेड भी डाल रखा था। जमीन का मामला 133 सीआरपीसी के तहत सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में लंबित है। इसमें 13 फरवरी को सुनवाई होनी है। जमीन को लेकर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश हैं। दिलशाद के परिवार की महिलाएं बृहस्पतिवार को एसएसपी से मिलीं। पुलिस पर नियम विरूद्ध कार्रवाई का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस कर्मियों ने घर में घुसकर भी तोड़फोड़ और मारपीट की। पुलिस कार्रवाई की मोबाइल से वीडियोग्राफी करने पर मोबाइल छीन लिए। पुलिस के साथ विपक्ष के कई लोग भी थे।
जिस जगह से अतिक्रमण हटाया गया है वह ताजिया रखने की जगह है। मोहल्ले के काफी लोग बार-बार जमीन पर कब्जे को लेकर शिकायत कर रहे थे। इसको लेकर कानून व्यवस्था को खतरा था। कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ताजिया रखने की जगह से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। घर में घुसकर मारपीट के आरोप गलत हैं।
- पारस नाथ मौर्य, एसडीएम सदर