नगर में चल रहे राष्ट्रीय एकता विराट दंगल में गुरुवार को पहलवानों में
जमकर जोर आजमाइश हुई। कई कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। पहलवानों के जबरदस्त
दांव पेच दिखाए। दर्शकों ने उनकी हौसला अफजाई की।
हाईवे स्थित लाला मथुरा प्रसाद की आढ़त परिसर में चल रहे विराट दंगल में गुरुवार को कई मुकाबले हुए। स्थानीय और बाहर से आए पहलवानों ने कुश्तियां लड़ीं। लगभग आधे मुकाबलों में कोई फैसला नहीं हुआ। दातागंज के पहलवान जगदीश ने गदरपुर के भूरा को पांचवें मिनट में लंगड़ी दांव लगाकर चित कर दिया। इसके अलावा दातागंज के भूरा पहलवान ने मथुरा के गोपाल को पलट दांव से, जुग्गा पहलवान हाथरस ने ज्ञानी गदरपुर को टांग दांव से, सोनू पहलवान कलियर शरीफ ने ज्ञानी गदरपुर को निकाल दांव से पछाड़ कर जीत हासिल की। शुक्रवार को दंगल में महारानी लक्ष्मी बाई स्टेडियम झांसी की रेनू पहलवान का मुकाबला विक्की अखाड़ा दिल्ली की संजना से होगा। रेफरी वजीरगंज के खलीफा बिट्टन पहलवान रहे, जबकि आंखों देखा हाल मुकेश पहलवान संडीला हरदोई ने सुनाया।