दातागंज (बदायूं)। कटरी में फरीदपुर और दातागंज तहसील क्षेत्र में जमीनों पर कब्जे को लेकर होने वाले संघर्ष को खत्म करने और स्थायी हल निकालने के लिए मंगलवार को लखनऊ की टीम के सामने कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ प्रशासन ने गांव सेरहा बिछिलिया में जमीन की नाप की। बताया जा रहा है कि तहसील दातागंज की फरीदपुर के गांव नगरिया में करीब तीन सौ बीघा जमीन निकली है।
रामगंगा के पास दातागंज तहसील क्षेत्र के कई गांव पड़ोसी जिला बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में आते हैं। उस जमीन पर कब्जे को लेकर कई बार दोनों क्षेत्रों के लोगों में भारी विवाद हुआ है। कटरी के खत्म होने के बाद से जमीन की कीमतें बढ़ गईं हैं। इस विवाद के स्थायी हल के लिए पिछले कई कुछ दिनों से शासन के निर्देश पर लखनऊ की टीम क्षेत्र में मौजूद है। मंगलवार को इस टीम की मौजूदगी में ही एसडीएम दातागंज कुंवर बहादुर सिंह, एसडीएम फरीदपुर, सीओ के अलावा थाना हजरतपुर, दातागंज, अलापुर, फरीदपुर समेत पांच थानों की पुलिस और बड़ी संख्या में पीएसी के जवानों को लेकर गांव सेराह बिछिलिया में जमीन की नाप की गई। बताया जाता है कि टीम ने नाप करते हुए दोनों जिलों का सीमांकन किया है। जानकार बता रहे हैं कि फरीदपुर के गांव नगरिया में दातागंज की करीब तीन सौ बीघा जमीन निकली है। इसकी भी नाप हो गई है।
सीमांकन की कार्रवाई मंगलवार को हुई है। बुधवार को गांव पंखियानगला में सीमांकन किया जाएगा। इसके बाद दोनों क्षेत्रों की जमीनों का विवाद खत्म हो जाएगा।
केबी सिंह, एसडीएम दातागंज