कुंवरगांव। ग्राम पंचायत इमलिया में शुक्रवार को सामाजिक समरसता और विकास की झलक देखने को मिली। पूर्व राज्यमंत्री व सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने भारत रत्न भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस दौरान जय भीम के नारों से माहौल गूंज उठा।
प्रतिमा ग्रामीणों के आपसी सहयोग से स्थापित कराई गई है, जिसे लेकर गांव में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि बाबा साहब के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। इसके बाद सदर विधायक ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से देव स्थान से श्मशान भूमि तक बने 381 मीटर लंबे सीसी मार्ग का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नरेश पाल सिंह, सुरेन्द्र पाल सिंह, हरवेंद्र, राहुल कुमार, डॉ. अनिल पाल सिंह, यशवीर सिंह गौतम, अमर सिंह, योगेश कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।