बिल्सी। अनियमितता उजागर हाेने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी धीरज कुमार ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। उन्होंने 19 नवंबर को तहसील क्षेत्र के गांव पलिया के उचित दर विक्रेता हरप्रसाद की दुकान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली और विक्रेता हरप्रसाद अनुपस्थित मिले थे।
पूर्ति निरीक्षक ने वहां मौजूद ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि विक्रेता निर्धारित तिथियों पर राशन वितरण शुरू नहीं करते हैं। कई बार वितरण का कार्य उसके पुत्र करते हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि वितरण के समय विक्रेता का पुत्र कार्डधारकों के साथ गाली-गलौज, दुर्व्यवहार करता है। साथ ही राशन में घटतौली भी करता है। ग्रामीणों की इन शिकायतों और निरीक्षण में पाई गईं अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद उचित दर दुकान विक्रेता हरप्रसाद का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया गया है।