उत्तराखंड में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योगदान देने वाले आईपीएस अधिकारी केवल खुराना का दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। वह कोलन सेप्टिक बीमारी से जूझ रहे थे। केवल खुराना उत्तराखंड कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। फिलहाल वह काफी समय से अस्वस्थ थे, उनकी वर्तमान तैनाती देहरादून में आईजी प्रशिक्षण के पद पर थी।
केवल खुराना बदायूं निवासी साहित्यकार व टेंट कारोबारी अशोक खुराना के बड़े बेटे थे। वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे। उत्तराखंड पुलिस में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने सराहनीय कार्य किया। उत्तराखंड में यातायात निदेशक रहते हुए वहां यातायात पुलिस व व्यवस्था को अपडेट करने का श्रेय उन्हीं को जाता है।
ये भी पढ़ें- UP: खेत में बेहोश मिला पीएसी जवान... कार में मिली पत्नी की लाश, गाड़ी में मिला ये चौंकाने वाला सामान; तस्वीरें
खुराना ने धार्मिक स्थलों व प्रमुख शहरों में लगने वाले जाम की समस्या को अपने प्रयोगों से काफी हद तक खत्म कर दिया। बदायूं से तमाम लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने उत्तराखंड गए हैं। देहरादून में मुख्यमंत्री व डीजीपी की मौजूदगी में दोपहर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जबकि अंतिम संस्कार हरिद्वार में होगा। उनके पिता अशोक खुराना व भाई विवेक खुराना भी देहरादून में मौजूद हैं।