बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ पर सवाल उठने के बाद एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने सीओ सहसवान को जांच सौंपी है। माना जा रहा है कि इस मामले में मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।
शुक्रवार रात बिल्सी पुलिस ने भैंस चोरों से मुठभेड़ का दावा करते हुए एक आरोपी भूरा को गोली लगने से घायल होने पर गिरफ्तार किया था। भैंस चोरों से रिसौली के जंगल में मुठभेड़ दिखाते हुए बताया गया कि भूरा अपने तीन और साथियों के साथ रिसौली से दो भैंस चोरी करके ले जा रहा था। पुलिस ने इस मुठभेड़ में पकड़े गए भूरा को जेल भेज दिया।
इसके बाद मुठभेड़ पर सवाल उठने लगे। भूरा की पत्नी ने बताया कि भूरा और वह शुक्रवार को ही दिल्ली से आए थे। भूरे बदायूं में पेशी पर आया था। जहां बाइक की मरम्मत कराते समय उसको पकड़ लिया गया। पुलिस ने बाद में मुठभेड़ दिखा दी।
रविवार को सीसीटीवी फुटेज वायरल हुए, जिसमें स्पष्ट रूप से दिख रहा था कि एक कार से आए पुलिसकर्मियों ने वाटर वर्क्स रोड पर बाइक मैकेनिक की दुकान से दिन में भूरा को पकड़ा था। इसके बाद बिल्सी ले जाकर रात में मुठभेड़ दिखा दी।
सवालों के घेरे में आई इस मुठभेड़ में कुछ लोगों ने सोमवार को एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली थी, सीओ सहसवान को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।