बदायूं। बरेली डिपो की रोडवेज बस में खरगोश के बच्चे के दो टिकट काटने वाले परिचालक की जांच शुरू हो गई है। उसने शनिवार को बरेली से बदायूं आते समय खरगोश के बच्चे के दो टिकट काट दिए थे। जब यात्री ने कारण पूछा तो परिचालक उसका जवाब नहीं दे पाया। इसमें पशु मित्र विकेंद्र शर्मा की शिकायत पर परिचालक के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले पारस अग्रवाल शनिवार को बरेली के कुतुबखाने से एक खरगोश का बच्चा खरीदकर ला रहे थे। वह बदायूं आने के लिए बरेली डिपो की रोडवेज बस में बैठे थे। उन्हाेंने खरगोश का पिंजड़ा अपनी गोद में रख लिया था। बावजूद इसके परिचालक ने खरगोश के बच्चे के 75-75 रुपये के दो टिकट काट दिए। तीसरा टिकट 75 रुपये का पारस अग्रवाल का काटा था।
बस में कई और यात्री बैठे थे। उनमें कई यात्रियों को रुपये लेकर भी टिकट नहीं दिए गए थे। एक यात्री से उसके सामान के 450 रुपये ले लिए गए थे, लेकिन टिकट उसे भी नहीं दिया गया था। पारस अग्रवाल ने इसके बारे में पशु मित्र विकेंद्र शर्मा को बताया तो उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत कर दी। इस पर अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू करा दी है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि यह मामला बरेली डिपो का है। वहीं से इसकी जांच हो रही है।