शहर में नेकपुर इलाके के आवासीय विद्यालय में सोमवार शाम इंटर के छात्र 17 वर्षीय शिवम यादव ने फंदे से लटककर जान दे दी। जब उसका रूम पार्टनर खाना खाने को थाली लेने कमरे पर आया तो इसकी जानकारी हुई। दरवाजा तोड़कर उसका शव निकाला गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। परिवार वाले कुछ बताने को तैयार नहीं हैं।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी 17 वर्षीय शिवम यादव पुत्र श्रीपाल यादव नेकपुर मोहल्ले के आवासीय विद्यालय द भगवान परशुराम विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। कॉलेज के संस्थापक रामबहादुर पांडेय ने बताया कि शिवम छात्रावास के 25 नंबर कमरे में हाईस्कूल के छात्र आदित्य और इंटर के छात्र प्रवीन के साथ रहता था। सोमवार को प्रवीन अपने घर गया था। शाम करीब चार बजे शिवम और आदित्य कॉलेज में ही कोचिंग पढ़कर कमरे पर लौटे थे। इसके बाद शिवम ने आदित्य को बाहर निकाल दिया और अंदर से कमरा बंद कर लिया था।
शाम पांच बजे आदित्य खाना खाने को भोजन की थाली लेने कमरे पर पहुंचा तो उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। अंदर से दरवाजा नहीं खुला तो छात्रों ने वेंटिलेटर से झांककर देखा। उसका शव फंदे से लटका हुआ था। उनकी चीख-पुकार सुनकर कई शिक्षक आ गए। छात्रों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शिवम के शव को फंदे से उतारा। कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार दीक्षित ने पुलिस और उसके परिवार वालों को सूचना दी। रात आठ बजे परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। वे कुछ बताने से इन्कार कर रहे हैं। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्र ने फंदे से लटककर जान दी है। परिवार वाले पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे, पर हमने उन्हें समझाया है। मंगलवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
-आलोक मिश्रा, सीओ सिटी