बदायूं। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर अग्निशमन विभाग की सख्ती का कोई असर नहीं है। विभाग ने अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले 20 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किए थे। नोटिस मिलने के बाद भी किसी संस्थान ने अब तक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने के लिए विभाग से संपर्क नहीं किया।
अग्निशमन विभाग ने शहर के देव क्लासेस, ऑक्सफोर्ड कोचिंग, शहीद भगत सिंह कोचिंग सेंटर सहित 13 कोचिंग संस्थानों, होटल राजेंद्र, स्टार रुम एंड डोरमेट्री, होटल कुनाल सहित सात होटल एवं मैरिज लॉन और अस्पतालों सहित 20 संस्थानों को नोटिस भेजकर अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा करने और एनओसी लेने के निर्देश दिए थे।
विभाग की ओर से चलाए चेकिंग अभियान में इन संस्थानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं मिली थीं। इसके बाद विभाग की ओर से संस्थानों को नोटिस जारी किए गए थे।
नोटिस जारी होने के बाद भी किसी भी संस्थान ने एनओसी के लिए आवेदन नहीं किया। नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार किया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर आग से सुरक्षा के मानकों का पालन करना अनिवार्य है। - रामराजा यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी