जिला जेल और हाईवे निर्माण में किसानों की जमीन होगी अधिग्रहीत
सदर तहसील क्षेत्र में स्थित गांव में अधिग्रहीत की जा रही जमीन की शासन को रिपोर्ट भेजे जाने के नाम पर लेखपाल 50-50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। किसानों ने यह शिकायत डीएम को ज्ञापन देकर की, जिसमें वहां पर कार्यरत लेखपाल का ट्रांसफर करने के साथ ही कार्रवाई करने की मांग भी की। डीएम ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया है।
सदर तहसील क्षेत्र के गांव लोड़ा बहेड़ी के पास बनने के लिए प्रस्तावित जिला जेल और हाईवे के निर्माण के लिए सरकारी जमीन के साथ किसानों की जमीन भी आ रही है। जमीन की रिपोर्ट शासन को भेजी जाती है, जिस आधार पर किसानों को मुआवजा दिया जाता है। इसी रिपोर्ट को तैयार करने के बदले लेखपाल किसानों से 50-50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। किसानों ने परेशान होकर डीएम को शिकायती पत्र दिया, जिसमें वहां पर तैनात लेखपाल को हटाए जाने की मांग की है। इस मौके पर बनवारी, महेश, नंदराम, गिरंद, टोडी, प्रेमपाल, यशपाल, फूल सिंह, वीरपाल, वेदराम, महेश, छत्रपाल आदि मौजूद रहे।