बदायूं। यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला 2025 का शनिवार को समापन हो गया। मेला 9 अक्तूबर से बदायूं क्लब में चल रहा था। समारोह का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में मेले के स्टॉल संचालकों, कलाकारों और लाभार्थियों को प्रशस्तिपत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। मेले में लगे स्टॉलों से 48 लाख 80 हजार रुपये की बिक्री हुई। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, सिलाई मशीन, इलेक्ट्रिक प्रेस, वॉशिंग मशीन और अन्य सामग्री वितरित की गई।
सदर विधायक ने कहा कि भारत के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में स्वदेशी उत्पादों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा, स्वदेशी उत्पादों में भारत के लोगों का पसीना और मिट्टी की खुशबू होती है। यदि हम स्वदेशी अपनाएंगे तो भारत निश्चित रूप से विश्व गुरु बनेगा।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को बधाई दी। कहा कि यह मेला स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों के प्रोत्साहन का प्रतीक है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी उत्पाद अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री का सपना है कि वर्ष 2047 में जब देश आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब भारत एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनेगा। हालांकि यह तभी संभव है जब हर नागरिक स्वदेशी अपनाए।
उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार उपाध्याय ने कहा कि मेले में कुल 35 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से 48 लाख 80 हजार रुपये के सामान की बिक्री हुई। मेला आयोजन में बदायूं बरेली मंडल में प्रथम और प्रदेश में 11 वें स्थान पर रहा।