बदायूं। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचे। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, बुखार और त्वचा रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात मेडिकल टीमें पूरे दिन जांच और दवाओं के वितरण में जुटी रहीं।
आरोग्य मेले में 28 मरीजों ने लीं स्वास्थ्य सेवाएं
म्याऊं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 28 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यहां अधिकतर मरीज बुखार, खांसी, सर्दी और खुजली से पीड़ित आए। मेले में तैनात चिकित्सक डॉ. खदीजा खातून, डॉ. होशियार मियां, लैब तकनीशियन संजीव और स्टाफ नर्स मंजू ने सभी मरीजों की जांच कर नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की आवश्यक जांच कर उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि मौसम बदलने के कारण सामान्य बीमारियों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में केंद्र पर पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। संवाद
आरोग्य मेले में 74 मरीजों की हुई जांच
फैजगंज बेहटा। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आरोग्य मेले में दोपहर दो बजे तक कुल 74 मरीजों ने पंजीकरण कराया। डॉ. इरम ने सभी मरीजों की जांच की, जबकि कुछ मरीजों को आसफपुर एमओआईसी डॉ. हिमांशु ने भी देखा। डॉ. हिमांशु ने अचानक पीएचसी का निरीक्षण किया और एक दर्जन से अधिक मरीजों की जांच की, जिनमें एक मरीज में पीलिया के लक्षण पाए गए। शेष मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। फार्मासिस्ट निशाकर शर्मा व स्टाफ नर्स पूनम ने मरीजों को दवाओं का वितरण किया। संवाद
आरोग्य मेले में 51 मरीज पहुंचे, इनहेलर की कमी से परेशानी
दबतोरी। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगने वाले आरोग्य मेले में अपराह्न 1:30 बजे तक 51 मरीज अपनी दवाएं लेकर जा चुके थे। अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, बदन दर्द और सांस लेने में परेशानी से पीड़ित थे। सांस के मरीजों को इनहेलर उपलब्ध न होने से दिक्कत हुई। पूछने पर आसफपुर एमओआईसी डॉ. हिमांशु चौधरी ने कहा कि इनहेलर शायद खत्म हो गए होंगे, तत्काल इसकी जानकारी कराकर उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। मेले में आयुष चिकित्सक डॉ. जहीर अहमद, फार्मासिस्ट महेंद्र नाथ, कैलाश कुमार, जगदीश मौजूद रहे। संवाद
दबतोरी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज को देखते आयुष चिकित्सक डॉ. जहीर अहमद। संवाद
दबतोरी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज को देखते आयुष चिकित्सक डॉ. जहीर अहमद। संवाद