उझानी में वॉलीबाल टूर्नामेंट की विजेता टीम। स्रोत: आयोजक
उझानी। सीबीएसई के अंतर विद्यालीय वॉलीबाल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला मेजबान एपीएस इंटरनेशनल की टीम ने जीत लिया। एपीएस ने बीआरबी बदायूं को 25-14 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में भी रोचक मुकाबले हुए। विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
मेजबान स्कूल के मैदान पर वॉलीबाल टूर्नामेंट शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ। लीग मैच के बाद पहला सेमीफाइनल बीआरबी मॉडल स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। बीआरबी ने दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम को 15-13 से हराकर फाइनल में स्थान पा लिया। दूसरे सेमीफाइनल में मदर एथीना को एपीएस इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने 15-07 से हरा दिया। इससे पहले एचपी इंटरनेशनल स्कूल, एसडीबी स्कूल, जीलॉट पब्लिक स्कूल, अल हफीज एजुकेशनल अकादमी, ब्लूमिग्डेल बदायूं और दातागंज, टिथोनस इंटरनेशनल स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और महर्षि विद्या मंदिर की टीम ने मैच खेले, लेकिन सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाए।
फाइनल मुकाबला एपीएस इंटरनेशनल स्कूल और बीआरबी के बीच हुआ। मेजबान एपीएस की टीम ने बीआरबी को 25-14 से हराकर खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के कप्तान अक्षय का जिताने में विशेष योगदान रहा। विजेता टीम को सेवानिवृत पुलिस उपाधीक्षक जगदीश पाटनी ने पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट में 14 विद्यालयों की टीमों को हिस्सा लेना था, लेकिन गंगा पब्लिक स्कूल की टीम नहीं आई। पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल, प्रबंधक नीलांशु अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। समापन पर बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर प्रधानाचार्य रवींद्र भट्ट, मीनाक्षी, वाईके सिंह और विनय आनंद का व्यवस्थाओं में भी सहयोग रहा।