कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में कार सवार उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी महिला शशि की मौत हो गई। मृतका का पति और भतीजा घायल हैं। पुलिस ने घायलों को रात में ही जिला अस्पताल भिजवा दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
हादसा रात करीब डेढ़ बजे बरेली-मथुरा हाइवे पर बाईपास स्थित माहेश्वरी कोल्ड स्टोर के पास हुआ। उत्तराखंड के हल्द्वानी में मुगलजी गार्डन निवासी व्यापारी शिवकुमार गुप्ता अपनी पत्नी शशि गुप्ता (48) और 25 वर्षीय भतीजे मोहित के साथ कार से आगरा के लिए चले थे। शिवकुमार कार को खुद ड्राइव कर रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भिड़ंत में शशि गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। शिवकुमार और मोहित भी लहूलुहान हो गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शशि के शव को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। सुबह में घरवाले भी अस्पताल पहुंचे। इधर, मृतक के देवर मनोज गुप्ता ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले ली है।