साफ पानी हो गया गंदा, अब भीड़ हुई कम, लोगों को पता लगी सच्चाई
क्षेत्र के गांव चंदोई नगला के मजरा रामनगर में अचानक एक सूखे कुएं में पानी आ जाने से लोग दैवीय चमत्कार मानने लगे। पूजा-पाठ, कीर्तन के बाद यहां लोगों ने पानी का उपयोग किसी प्रसाद की तरह करना शुरू किया, लेकिन अचानक लोगों की श्रद्धा कम हो गई। इस कुएं का पानी गंदा हो चला है। इस चमत्कारिक मामले से पर्दा भी उठ गया है।
मंगलवार को गेंदन सिंह के खेत में स्थित कुआ में अचानक पानी आ जाने के बाद यहां तो मेला ही लग गया था। लोग इसे दैवीय कृपा माननेे लगे थे। दरअसल, यह कुआं कई वर्षों से सूखा पड़ा हुआ है। भूगर्भ जलस्तर कम हो जाने के कारण यही नहीं इस इलाके के सैकड़ों कुएं सूखे पड़े हैं। भूगर्भ जलस्तर को लेकर इस्लामनगर समेत जिले के चार ब्लाक डार्क श्रेणी में हैं। ऐसे में कुएं में अचानक पानी आ जाना बेहद जिज्ञासा का कारण बन गया था।
...ऐसे भर गया कुएं में पानी
इस्लामनगर। रहस्य का कारण बना सूखा कुआं अचानक पानी से भर जाने के पीछे कुएं के पास खेतों में हो रही सिंचाई को माना जा रहा है। खेतों में चूहों द्वारा कुआं तक दर्जनों बिल बना लिए गए हैं। खेतों में पानी लगा तो इन बिलों के जरिए पानी कुएं में जाने लगा। कुछ घंटों में ही कुआ पानी से भर गया। इसका लोगों को पता लगा तो रहस्य बना दिया गया। लोगों को इस बात का पता लगा है, तो वह अब इसे रहस्य नहीं मान रहे। हकीकत को एक-दूसरे का बताने में लग गए हैं। अब यहां से भीड़ भी छट रही है। अलबत्ता कुछ लोग अभी भी जिज्ञासा वश पहुंच रहे हैं।