फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: दंपती से 8.5 लाख की लूट के मामले में एसओ, चौकी प्रभारी व हल्का इंचार्ज लाइन हाजिर

Tue, 28 Apr 2026 01:47 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में दंपती से हुई 8.5 लाख रुपये की लूट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभिषेक सिंह सोमवार को स्वयं फैजगंज बेहटा थाने पहुंचे और पूरे प्रकरण की गहन जांच की। उन्होंने पीड़ित दंपती और संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। एसपी सिटी की जांच में पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसओ, चौकी प्रभारी व हल्का प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। जांच में सामने आया कि पीड़ित से एक बाइक पर सवार दो बदमाशाें ने लूट की है। इस पर पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन

19 अप्रैल की रात दुंदपुर गांव निवासी बबली और उनकी पत्नी गुलजार से बदमाशों ने नकदी व जेवरात लूट लिए थे। पीड़ितों के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग 8.5 लाख रुपये का सामान लूटा गया था। घटना के बाद पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी थी। आरोप है कि थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और करीब छह दिनों तक पीड़ितों को टरकाती रही। इतना ही नहीं, पुलिस ने इस लूट की जानकारी उच्च अधिकारियों तक भी नहीं पहुंचाई। पीड़ितों का कहना है कि इस दौरान उनकी आसफपुर चौकी इंचार्ज रामकुमार और इंस्पेक्टर से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें पुलिस खुद इस घटना को लूट मानते हुए बदमाशों की तलाश की बात कह रही थी।

वीडियो सामने आने पर खुली पोल
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब पीड़ित का एक वीडियो सामने आया। आरोप है कि पुलिस ने अपनी लापरवाही छिपाने और अधिकारियों को गुमराह करने के लिए पीड़ित के खिलाफ 11 लाख रुपये के गबन की जांच का हवाला दिया। हालांकि, पुलिस ने पीड़ित को झूठा बताने के बावजूद उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
विज्ञापन


एसपी सिटी की जांच के बाद सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने इसकी जांच एसपी सिटी को दी थी। जांच के लिए पहुंचे एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने सभी पहलुओं की पड़ताल कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी अंकिता शर्मा को सौंप दी। जांच में प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी आसफपुर रामकुमार और हल्का प्रभारी कविराज को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें