एसएसपी कार्यालय के बाहर शिकायत पत्र लेकर खड़े गुलफाम के माता पिता।स्रोत-स्वयं
बदायूं। गुलफाम के आत्मदाह करने के मामले में पुलिस ने सभासद पति समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शेष एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सोमवार सुबह गुलफाम की मां, भाई और पिता ने एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों पर आत्मदाह के लिए उकसाने की धारा बढ़ाने की मांग की।
एक जनवरी को ससुराल वालों और पुलिस की सुस्त कार्रवाई से तंग आकर नई सराय निवासी गुलफाम ने एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह की कोशिश की थी। इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गया था। 14 जनवरी को उपचार के दौरान गुलफाम की बरेली के निजी अस्पताल में मौत हो गई थी।
आत्मदाह की घटना के तीसरे दिन पुलिस ने गुलफाम की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसमें पत्नी सनोबर समेत नई सराय निवासी सभासद पति रफीउद्दीन आदि के नाम शामिल थे। पुलिस पहले ही पत्नी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सोमवार शाम को पुलिस ने सभासद पति सफीउद्दीन और शाहरुख पुत्र निहाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं, दोनों की गिरफ्तारी से पहले गुलफाम की मां सबीना, भाई बहार अहमद और पिता एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। जहां गुलफाम की मां ने फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग थी। साथ ही बेटे की तरफ से दर्ज मुकदमे में खुद को वादी बनाने को कहा। सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि गुलफाम के आत्मदाह के मामले में नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक गिरफ्तारी शेष है। जल्द ही उसकी गिरफ्तार कर ली जाएगी।