सहसवान में राम बरात में मौजूद श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी। संवाद
बदायूं। सहसवान नगर में चल रहे श्रीराम लीला महोत्सव में शुक्रवार को भगवान श्रीराम की बरात निकाली गई। बैंड-बाजों और काली अखाड़ों के साथ निकली बरात में करीब डेढ़ दर्जन यंत्र चालित और हस्तनिर्मित झांकियां शामिल रहीं, जो आकर्षण का केंद्र बनीं।
पालिकाध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां ने झंडी दिखाकर बरात को रवाना किया। कमेटी अध्यक्ष गौतम असावा ने भगवान श्रीराम का तिलक कर आरती उतारी। बरात में सबसे आगे गणेश जी की सजीव झांकी, उसके पीछे बग्घी पर सवार श्रीराम-लक्ष्मण, नृत्य करते राधा-कृष्ण, बजरंग बली, श्रीकृष्ण-सुदामा और नौ देवियों की झांकियां लोगों को भाव-विभोर कर रही थीं।
इसके अलावा करीब एक दर्जन काली अखाड़ों के कलाकार अलग-अलग तरह के करतब दिखाते हुए चल रहे थे। जहांगीराबाद चौराहे से शुरू हुई बरात देर रात तक परंपरागत मार्गों से होते हुए निकली। शोभायात्रा में महामंत्री आदर्श सक्सेना, हैदर मियां, अवढ़र शर्मा, वेद प्रकाश मिश्रा, पीयूष माहेश्वरी, भवेश चांडक आदि मौजूद रहे। संवाद