मजदूरी बढ़ाए जाने को लेकर स्थानीय गल्ला मंडी में पल्लेदारों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इससे मंडी को करीब एक लाख से अधिक राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों से गल्ला मंडी के पल्लेदार अपनी मजदूरी बढ़ाए जाने को लेकर बैठक कर योजना बना रहे थे। उन्होंने गल्ला मंडी के व्यापारियों को चेताया भी था, लेकिन व्यापारियों ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को सभी पल्लेदारों ने एकजुट होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का निर्णय ले लिया। उनकी हड़ताल के बाद मंडी में गल्ला खरीद का काम ठप हो गया, व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पल्लेदारों से इसको लेकर लगातार व्यापारी वार्ता भी कर रहे हैं, लेकिन वह अपनी मांग को लेकर अडिग हैं। मंडी सचिव दिवाकर शर्मा ने बताया कि पल्लेदारों की हड़ताल से होने मंडी को रोजाना करीब एक लाख रुपये राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्योंकि इस समय मंडी में गल्ला व्यापक स्तर पर आता है।