दहगवां। गांव आदमपुर में रविवार सुबह चकरोड के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में महिलाओं समेत दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने दहगवां सीएचसी पर सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। इनमें गर्भवती महिला की गंभीर हालत होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आठ आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी दुर्वेश और सुरेश का खेत से जा रहे चकरोड को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर रविवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज होने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग घरों से लाठी-डंडे निकाल लाए और भिड़ गए।
मारपीट में एक पक्ष के दुर्वेश, सूबेदार, राम फुल, देवेंद्र और ज्योति घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के सुरेश, सत्यवीर, रामभूप, राजवती, कांति, ममता को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को दहगवां सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां गर्भवती ज्योति की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने प्राथमिक इलाज व मेडिकल परीक्षण के बाद उर्वेश, पोखी, देवेंद्र, सूबेदार, सतवीर, सुरेश, रामफूल, राम भूप का शांतिभंग में चालान किया है। जरीफनगर इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया दो पक्षों में मारपीट हुई है। आठ आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है।