बेसिक शिक्षा विभाग के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में विवादों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला सालारपुर ब्लाक के मोंगर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का है, जहां फुलटाइम टीचर द्वारा एक छात्रा को पीटे जाने के बाद माहौल गर्मा गया। छात्रा ने टीचर द्वारा पीटे जाने के बाद पिता को पूरी जानकारी दी। प िता के साथ पहुंचे अन्य अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया। बीएसए ने फिलहाल वार्डन और आरोपी शिक्षिका यको वहां से हटा दिया है। जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को फुलटाइम टीचर रीना गंगवार ने छात्रा राधा को बिना किसी कारण के पीटा। छात्रा द्वारा पूछने पर कि वे उसे क्यों मार रही हैं? तो शिक्षिका और भड़क गईं। दूसरी शिक्षिकाओं के रोकने पर ही गंगवार ने हाथ रोका। छात्रा ने वार्डन मंजू रानी को जानकारी दी और माता-पिता से बात कराने का अनुरोध किया। राधा ने पूरी जानकारी माता-पिता को दी। कुछ ही देर में वह विद्यालय पहुंच गए। उनके साथ विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं के अभिभावक भी थे। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख आरोपी शिक्षिका विद्यालय से चली गईं। वार्डन मंजू रानी ने सभी को समझाया। इस पूरे मामले की जानकारी बीएसए पीसी यादव को दी। बीएसए ने शिक्षिका पर कार्रवाई करने की बात कही, लेकिन छात्रा के पिता पातीराम व अन्य अभिभावक संतुष्ट नहीं हुए। वह डीएम के समक्ष इस मामले को उठाने की कहकर चले गए। वहीं शिक्षिका रीना गंगवार ने आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
सोते समय वीडियो बनाने आरोप
नाम ना छापने की शर्त पर कुछ छात्राओं ने बताया कि सोते समय एक शिक्षिका अक्सर अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाती है। इसकी शिकायत छात्राओं ने वार्डन से भी की है। वार्डन ने भी दबी जुबान से इसकी तस्दीक की है। ऐसे में बॉ विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ अप्रिय वारदात होने की आशंका उनके अभिभावकों को सता रही है।
पहले एक छात्रा की पिटाई से बिगड़ी थी हालत
मोंगर कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा आकांक्षा को लगभग पंद्रह दिन पहले पीटा गया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर डाक्टरों ने उसे उपचार के बाद अभिभावकों के संग भेज दिया था।
मामला मेरे संज्ञान में आया है, जिसके बाद मैंने वार्डन और फुलटाइम टीचर दोनों को वहां से हटा दिया है। विद्यालय में हुई घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज को मंगाया है, जिसको देखने के बाद संविदा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
-पीसी यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी।