अंबियापुर गांव में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाता बुलडोजर। संवाद
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के अंबियापुर गांव में सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से हटवा दिया।
राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार साहू ने बताया कि अंबियापुर गांव की नवीन परती की सरकारी भूमि गाटा संख्या 492 पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की जांच के बाद एसडीएम प्रेमपाल सिंह के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई की।
टीम ने बुलडोजर लगवाकर कब्जे में बनाए गए ढांचे ध्वस्त कराए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उपनिरीक्षक संजीव कुमार सिंह, लेखपाल दुर्गेश कुमार, सूरज भारती, विनोद कुमार सिंह सहित राजस्व विभाग व पुलिस टीम मौजूद रही। संवाद