बदायूं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई सत्र 2026 में प्रवेश और री-रजिस्ट्रेशन कराने के इच्छुक विद्यार्थी एडमिशन के लिए अब भी आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 जुलाई कर दी है। इससे आवेदन से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को एक और अवसर मिल गया है।
आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. संजीव राठौर ने बताया कि बढ़ी हुई तिथि के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और विभिन्न सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है। साथ ही पहले से अध्ययनरत विद्यार्थी भी निर्धारित तिथि तक री-रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन और री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी इग्नू अध्ययन केंद्र-47043 राजकीय महाविद्यालय आवास विकास से संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. संजीव राठौर ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि तकनीकी कारणों से किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।