महिला अस्पताल में फर्जी तरीके से प्रशिक्षण लेने आई जीएनएम सुनीता से पूछताछ करती एडी हेल्थ डॉ.
बदायूं। महिला अस्पताल में इंटर्नशिप सुविधा शासन स्तर से ही नहीं है। इसके बाद भी यहां इंटर्नशिप का खेल चल रहा है। इसकी शिकायत एडी हेल्थ से की गई तो मंगलवार को निरीक्षण के दौरान इंटर्नशिप कर रही जीएनएम को एडी हेल्थ ने पकड़ लिया। सीएमएस से कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पहले भी इस तरह की शिकायतें हुई तो सीएमएस डॉ. इंदुकांत वर्मा ने महानिदेशक स्वास्थ्य को 24 अगस्त 2023 को पत्र भेजा था। इसमें साफ लिखा था कि आज के बाद से सहायक नर्सेज,जीएनएम, बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग,एएनएम तथा एनए के प्रशिक्षण पर पूरी तरह से रोक लगाई जाती है। अब यहां किसी प्रकार के छात्र प्रशिक्षण नहीं लेंगे। पत्र भेजकर अधिकारियाें को गुमराह कर दिया और प्रशिक्षण का काम जारी रखा। मंगलवार को एडी हेल्थ के निरीक्षण की भनक लगते ही अस्पताल में ड्यूटी कर रहे सभी प्रशिक्षण लेने वालों को भगा दिया गया। कंगारू वार्ड में सुनीता नाम की युवती जीएनएम का प्रशिक्षण लेने के बाद यहां ड्यूटी कर रही थी। बिना ड्रेस डयूटी पर देख एडी ने पूछताछ की। इसमें उन्होंने बताया कि वह अभी दस दिन पहले से ही आ रही हैं। वहीं, कैंपस में एक इंटर्नशिप करने वाली छात्रा को भी पकड़ लिया गया। एडी हेल्थ ने कहा पांच हजार रुपये लेकर इंटर्नशिप कराने की शिकायत मिली थी। पूरे मामले की आख्या तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। संवाद