बदायूं। सर्दियों के मौसम में हर कोई नहाने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करता है। इसके लिए ज्यादातर घरों में गीजर का इस्तेमाल किया जाता है। बाजार में दो तरह के गीजर उपलब्ध हैं। एक एलपीजी गीजर और दूसरा इलेक्ट्रिक। बिजली की बढ़ती कीमतों के चलते बहुत सारे लोग अपने घरों में गैस गीजर लगवाते हैं।
गैस गीजर को लेकर एक्सपर्ट ओमप्रकाश का कहना है कि हर साल गैस गीजर से कोई न कोई हादसा जरूर होता है। बावजूद इसके लोग इनसे कोई सबक नहीं लेते हैं। जो भी कोई बाथरूम में गैस गीजर लगवाए उसे इस बात का खास ख्याल रखना चाहिए कि वहां वेंटिलेशन की प्रॉपर व्यवस्था हो। गीजर की तुलना में ये सस्ते भी होते हैं। अगर आपके बाथरूम में भी एलपीजी गैस गीजर लगा है तो आपको कुछ सावधानी बरतने की जरूरत है। गैस गीजर लगवाते हैं तो सिलिंडर को गलती से भी बाथरूम के अंदर न रखें। इसकी बजाय उसे बाहर बालकनी या अन्य खुले स्थान पर रखना सुरक्षित रहता है।
गीजर खरीदते वक्त ध्यान रखें कि गीजर छोटा हो या बड़ा, ब्रांडेड कंपनी के आईएसआई मार्क वाला ही होना चाहिए। इसके अलावा जिस कंपनी का गैस गीजर लें, फिटिंग भी उसी कंपनी के इंजीनियर से करवाएं। कभी भी गैस की बदबू महसूस हो तो तुरंत सिलिंडर से गैस को बंद कर खिड़की के दरवाजे खोल दें। जब भी नहाने जाएं तो गीजर से पानी की बाल्टी पहले ही भर लें। समय-समय पर इसकी सर्विस कराते रहें, वरना यह जानलेवा हो सकता है।
पिछले साल भी हुई थी छात्रा की मौत
बिसौली कस्बे के इतवार नखासा मोहल्ले में 30 दिसंबर 2024 को बाथरूम में स्नान करने के दौरान गैस गीजर के कारण दम घुटने पर 15 वर्षीय छात्रा मेधा शर्मा की मौत हो गई थी। वह कक्षा 11 की छात्रा थी।
बच्चे को दफन कर बड़े बेटे के इलाज में जुटा परिवार
शहर की सदर कोतवाली क्षेत्र में गैस गीजर से स्नान करते समय चार साल के बच्चे रयान की मौत के बाद से परिवार में कोहराम है। बच्चे को परिजनों ने नम आंखों से सुपुर्दे खाक कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग बड़े बेटे के इलाज के लिए बरेली के रवाना हो गए। परिजनों ने बताया कि रयान दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। परिवार में छोटे बेटे की मौत से परेशान है तो बहन बड़े भाई की हालत देखकर बेसुध है। परिवार के लोग सयान के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।