दातागंज तहसील के सैजनी गांव में बनी आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह की दुकानें। संवाद
- फोटो : Samvad
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव में बीते 12 मार्च को एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ की मुश्किलें फिर से बढ़ने वाली है। गांव में इनकी 27 दुकानों को तहसील प्रशासन ने सील किया है। यदि इस मामले के नोटिस का जवाब 25 अप्रैल को न दिया गया तो दुकानों काे गिराने की कार्रवाई हो सकती है।
आरोप है कि यह दुकानें ग्राम समाज की भूमि पर बनाई गई थीं। साथ ही 45 लाख से अधिक का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। तहसीलदार कोर्ट में अजय के ताऊ राकेश कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है। इस मामले में आरोपी को नोटिस जारी किया गया था, इसका तहसील प्रशासन को जवाब देने की तिथि 25 अप्रैल निर्धारित है। घटना के बाद राकेश के खिलाफ कई केस दर्ज होने के चलते वह फरार चल रहा है। उनका बेटा अभय प्रताप सिंह भी जेल जा चुका है। ऐसे में 25 अप्रैल को अब इस मामले में यदि नोटिस का जवाब न दाखिल किया गया तो इन दुकानों के धवस्तीकरण के लिए बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है।
-
एचपीसीएल प्लांट में तेजी से चल रहा मशीनों की मरम्मत का काम
सैजनी के एचपीसीएल प्लांट का संचालन बीते 12 मार्च को हुई वारदात के बाद अभी तक सही से शुरू नहीं हो सका है। करीब दस दिन पहले प्लांट में रनिंग ट्रायल किया गया, लेकिन मशीनें सही न होने से संचालन शुरू नहीं हो सका है। अब यहां मशीनों की मरम्मत से लेकर जो भी कमियां है, विभागीय टीमें उनको जल्द से जल्द दूर कराने का प्रयास कर रही है।
-
वर्जन-
सैजनी में ग्राम समाज की भूमि पर बनी 27 दुकानों के मामले में आरोपी पक्ष को जारी नोटिस का जवाब 25 अप्रैल को देना है। यदि समय पर जवाब न दिया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एचपीसीएल प्लांट संचालन की भी जल्द ही उम्मीद है। प्लांट में मशीनों की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।
विनोद कुमार सिंह, दातागंज एसडीएम