दुर्घटना में घायल होने वाले छात्र को परीक्षा देने की बात कहते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि यदि छात्र ने परीक्षा नहीं दी तो वह फेल हो जाएगा। इससे छात्र और उसके अभिभावक परेशान हैं। छात्र के बड़े भाई ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले से अवगत कराया। साथ ही उसके भाई को उत्पीड़न से बचाने की मांग की।
शहर के मोहल्ला जवाहरपुरी के छात्र अंकित सिंह भदौरिया ने बताया कि उसका छोटा भाई अनमोल सिंह भदौरिया डी पॉल स्कूल में कक्षा आठ बी का छात्र है। इन दिनों उसकी परीक्षा चल रही है और वह पांच पेपर दे चुका है, जबकि इतने ही पेपर बाकी हैं। एक दुर्घटना में अंकित का हाथ टूट गया। इस बारे में प्रधानाचार्य को जानकारी देने के लिए उसके पिता सत्यवान सिंह भदौरिया गए तो पहले तो प्रधानाचार्य ने मिलने से मना कर दिया और बाद में कहा कि अगर परीक्षा नहीं दिलाओगे तो अंकित फेल हो जाएगा। कहा कि उसके पिता ने केंद्र व्यवस्थापकों से जानकारी की तो बताया गया कि यदि यदि छात्र छमाही परीक्षा में पास है तो दुर्घटना का मेडिकल लगाने पर छात्र पास माना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई का मानसिक उत्पीडन किया जा रहा है। प्रधानाचार्य जार्ज जोश का कहना है कि इस बारे में छात्र के अभिभावक को बता दिया गया था कि वह परीक्षा देने की असमर्थता का मेडिकल प्रमाण पत्र दें। इसके बाद नियमानुसार कार्य किया जाएगा।